Google Analytics Meta Pixel
खेल

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में मलेशिया को 4-0 से हराकर की शानदार शुरुआत

भारतीय महिला हॉकी टीम ने विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। जहां उसने 4-0 से बड़ी जीत हासिल की। ऐतिहासिक शहर राजगीर में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने अपने आक्रामक खेल और मजबूत रक्षात्मक रणनीति से मलेशिया को हर मोर्चे पर पछाड़ दिया। संगीता कुमारी ने 8वें और 55वें मिनट में दो गोल किए। जबकि प्रीति दुबे (43′) और उदिता (44′) ने एक-एक गोल कर टीम की जीत को सुनिश्चित किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम को तीन महत्वपूर्ण अंक मिले, जिससे वह टूर्नामेंट में एक मजबूत दावेदार बनकर उभरी।

मैच की शुरुआत में मलेशिया को भारत के गोलकीपर सविता की सतर्कता के कारण बढ़त का मौका नहीं मिल सका। मलेशिया की नूर मोहम्मद ने एक मौका बनाया, लेकिन सविता ने बेहतरीन बचाव किया। मलेशिया को शुरुआती पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन उसे भुनाने में वह असफल रहीं। इसके बाद भारतीय टीम ने मैच का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। दीपिका के शॉट को संगीता कुमारी ने 8वें मिनट में गोल में बदलते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद भी टीम ने मलेशिया पर दबाव बनाए रखा और कई मौके बनाए, हालांकि प्रीति दुबे कुछ मौकों पर गोल नहीं कर सकीं। दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम का आक्रमण जारी रहा, लेकिन उसे और गोल नहीं मिला। हाफ टाइम के पहले लालरेमसिआमी ने शानदार रन के बाद एक और पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किया, लेकिन नेहा का शॉट गोल में नहीं बदल सका।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा और 43वें मिनट में प्रीति दुबे तथा 44वें मिनट में उदिता के गोल से स्कोर 3-0 कर लिया। अंत में संगीता कुमारी ने 55वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर भारत की बढ़त को 4-0 पर पहुंचा दिया और मलेशिया की वापसी की उम्मीदों को खत्म कर दिया। अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला 12 नवंबर को कोरिया के खिलाफ होगा। इस टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स टेन 1 और लाइव स्ट्रीमिंग सोनीलिव पर होगी। सभी भारतीय मैचों का प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *