Google Analytics Meta Pixel
Saturday, May 16, 2026
Latest:
व्यापार

मजबूती के साथ खुला शेयर बाजार; सेंसेक्स 300 अंक चढ़ा, निफ्टी 24200 के पार

घरेलू संस्थागत निवेशकों की ओर से निरंतर निवेश और अमेरिकी बाजारों में तेजी के साथ-साथ निचले स्तरों पर खरीदारी से मंगलवार को शुरुआती कारोबार में इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी आई। शुरुआती कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स 324.83 अंक चढ़कर 79,820.98 अंक पर पहुंच गया। वहीं एनएसई का निफ्टी 100.7 अंक चढ़कर 24,242 अंक पर पहुंच गया। मंगलवार के कारोबारी सत्र के दौरान रुपया डॉलर के मुकाबले 2 पैसे की गिरावट के साथ 84.40 रुपये पर पहुंच गया।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज और पावर ग्रिड में सर्वाधिक लाभ रहा। मारुति, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स और इंडसइंड बैंक प्रमुख रूप से पिछड़ने वाले शेयरों में शामिल रहे। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 2,306.88 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,026.63 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, “इस समेकित बाजार में दो मजबूत कारक काम कर रहे हैं। पहला, एफआईआई द्वारा की जा रही लगातार बिकवाली ने मंदड़ियों को फायदा पहुंचाया है और बाजार को नीचे की ओर खींचा है। दूसरा, डीआईआई द्वारा की जा रही सतत खरीद ने बाजार को सहारा दिया है और बाजार में गिरावट को रोका है। आने वाले दिनों में बाजार का रुख कैसा रहेगा, यह इन दो कारकों की सापेक्षिक मजबूती पर निर्भर करेगा।”

एशियाई बाजारों में सियोल, टोक्यो, शंघाई और हांगकांग नकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। सोमवार को वॉल स्ट्रीट में तेजी रही। मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, “अमेरिकी शेयर बाजार जश्न के मूड में हैं, एसएंडपी 500 ने 6,000 का आंकड़ा पार कर लिया है और डॉव 44,000 के पार पहुंच गया है। यह सब डोनाल्ड ट्रंप की चुनावी जीत, फेड की ब्याज दरों में कटौती और मजबूत उपभोक्ता भावना के कारण हो रहा है।”

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.15 प्रतिशत गिरकर 71.72 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। सोमवार को बीएसई का सूचकांक 9.83 अंक या 0.01 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 79,496.15 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 6.90 अंक या 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 24,141.30 अंक पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *