“लाड़ली बहना योजना” में बहनों को दी जा रही राशि में की जायेगी वृद्धि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि लाड़ली बहना योजना सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन की एक बड़ी पहल है। इस योजना की शुरूआत में पात्र लाड़ली बहनों को एक हजार रूपये प्रतिमाह दिये गये। इसके बाद यह राशि बढ़ाकर 1250 रूपये प्रतिमाह की गई। इस राशि में आगे और भी वृद्धि की जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के लिए राज्य शासन द्वारा महिलाओं को एक और सौगात दी जा रही है। अब शासकीय सेवाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत से बढ़ाकर 35 प्रतिशत का आरक्षण मिलेगा। यह नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश नारी सशक्तिकरण की दिशा में नया मुकाम हासिल कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भी लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को इंदौर के नेहरु स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना के तहत 1.29 करोड़ बहनों को नवम्बर माह की किश्त के रूप में 1573 करोड़ रूपये अंतरित किये। साथ ही उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 55 लाख हितग्राहियों के खाते में 333 करोड़ रुपए और 26 लाख लाड़ली बहनों के खाते में गैस सिलेंडर रिफिल के लिए 55 करोड़ रुपए की राशि भी अंतरित की। यह राशि लोकमाता अहिल्या देवी की 300 वीं जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नारी शक्ति के शस्त्र कला प्रदर्शन कार्यक्रम शौर्य वीरा में अंतरित की। इस मौके पर देश में पहली बार हजारों बालिकाओं और महिलाओं द्वारा एक साथ, एक समय, एक स्थान पर सामूहिक तलवारबाजी का प्रदर्शन कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *