Google Analytics Meta Pixel
विदेश

पाक का लाहौर बना दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर

लाहौर । पाकिस्तान का शहर लाहौर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बना है। यहां चारों-चारों तरफ धुंध ही धुंध नजर आ रही है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 394 पर पहुंच गया है। गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने प्रदूषण के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा था कि भारत के पंजाब में पराली जलाने से हवा की दिशा के कारण सीमा पार प्रभाव पड़ता है। पंजाब की सूचना मंत्री आजमा बुखारी ने मंगलवार को कहा कि लाहौर को दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर घोषित किया गया। हमने इस मामले को सुलझाने के लिए कई पहल की हैं और अब हम शहर में कृत्रिम बारिश की योजना बना रहे हैं। मरियम नवाज की पंजाब सरकार ने एंटी-स्मॉग स्क्वॉड भी बनाया है जो इससे धुंध प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगा। ये दल किसानों को फसल अवशेष जलाने के खतरों के बारे में शिक्षित करेंगे। सुपर सीडर के उपयोग को बढ़ावा देंगे और अवशेष निपटान के लिए वैकल्पिक तरीकों की जानकारी देंगे। पंजाब की पर्यावरण मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा कि धूम कोहरे से निपटने के लिए उठाए गए कदमों के सकारात्मक प्रभाव आठ से 10 वर्षों में दिखाई देने लगेंगे। प्रांत में पर्यावरण संरक्षण को पाठ्यक्रम में एक विषय के रूप में शामिल किया गया है। उन्होंने किसानों से फसल अवशेष जलाने से बचने का आग्रह किया तथा कहा कि ऐसा करने से न केवल फसलों को नुकसान पहुंचता है, बल्कि उनके बच्चों के स्वास्थ्य को भी नुकसान पहुंचता है।

मरियम नवाज ने लाहौर में प्रदूषण के लिए भारत को बताया था जिम्मेदार
वहीं, मरियम नवाज ने इस महीने की शुरुआत में पंजाब में धुंध के प्रभाव को कम करने के लिए भारत के साथ जलवायु कूटनीति का आह्वान किया था। मरियम नवाज ने पाकिस्तान में प्रदूषण के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि भारत के पंजाब में पराली जलाने से हवा की दिशा के कारण सीमा पार प्रभाव पड़ता है। इस मुद्दे को भारत के साथ तुरंत उठाया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *