बेंगलुरू टेस्ट में बढ़ी गंभीर और रोहित की सिरदर्दी, मुंबई के बल्लेबाज ने उठाया केएल राहुल का दावा
भारतीय टीम इस समय बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खेल रही है। इस मैच का आज आखिरी दिन है। मैच के बीच में ही मुंबई के एक बल्लेबाज ने टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान रोहित शर्मा की सिरदर्दी बढ़ा दी है। इस खिलाड़ी ने बांग्लादेश सीरीज और बेंगलुरु टेस्ट में बुरी तरह से फेल रहे केएल राहुल की जगह लेने के लिए दावा ठोक दिया है।
ये खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि टेस्ट डेब्यू में शतक जमाने वाले बल्लेबाज श्रेयस अय्यर हैं। अय्यर साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेले थे लेकिन चोट के कारण बीच सीरीज से बाहर हो गए थे। इसके बाद उनकी टेस्ट टीम में वापसी नहीं हुई है। रणजी ट्रॉफी के दूसरे राउंड में अय्यर ने शतक ठोक कहा है कि वह टीम इंडिया में वापसी की कोशिश में हैं।
