Google Analytics Meta Pixel
खेल

भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड ने किया टेस्ट टीम का ऐलान, केन विलियमसन की फिटनेस ने बढ़ाई चिंता

न्‍यूजीलैंड ने बुधवार को आगामी भारत दौरे के लिए अपनी 17 सदस्‍यीय टीम का एलान कर दिया है। कीवी टीम भारत दौरे पर तीन टेस्‍ट मैचों की सीरीज खेलेगी, जिसमें पहला टेस्‍ट 16 अक्‍टूबर से बेंगलुरु के एम चिन्‍नास्‍वामी स्‍टेडियम पर खेला जाएगा।

टॉम लैथम पहली बार न्‍यूजीलैंड के पूर्णकालिक टेस्‍ट कप्‍तान की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। हालांकि, न्‍यूजीलैंड के अनुभवी बल्‍लेबाज केन विलियमसन की खबर ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है। विलियमसन को ग्रोइन में दर्द है, जिसके कारण वह भारत देर से आएंगे।

विलियमसन को श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए दूसरे टेस्‍ट के दौरान ग्रोइन समस्‍या हुई और उन्‍हें रिहैब की जरुरत पड़ेगी। वह ठीक होने के बाद भारत में न्‍यूजीलैंड के टेस्‍ट स्‍क्‍वाड से जुड़ेंगे। न्‍यूजीलैंड के चयनकर्ता सैम वेल्‍स ने कहा कि विलियमसन को कुछ मैच खिलाने की योजना है।

विलियमसन क्‍यों हैं परेशान

वेल्‍स ने कहा, ”हमें सलाह मिली है कि केन विलियमसन के लिए एक्‍शन में लौटने से पहले आराम और रिहैब जरूरी है। वरना उनकी चोट का जोखिम बढ़ सकता है। हम उम्‍मीद कर रहे हैं कि अगर रिहैब योजनाबद्ध तरीके से हुआ तो केन विलियमसन दौरे के आखिर में उपलब्‍ध रहेंगे।”

उन्‍होंने कहा, ”जहां विलियमसन का पहले टेस्‍ट में उपलब्‍ध नहीं होना निराशाजनक है, वहीं अन्‍य खिलाड़ी के पास महत्‍वपूर्ण सीरीज में खुद को साबित करने का गोल्‍डन चांस होगा।” अनकैप्‍ड बल्‍लेबाज मार्क चैपमैन को विलियमसन के कवर के रूप में शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *