मिशन 2028 को लेकर भाजपा का टारगेट

भोपाल । भाजपा के बारे में कहा जाता है कि वह लक्ष्य बनाकर काम करती है। इसी का परिणाम है कि भाजपा का कुनबा दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। मप्र में लोकसभा और विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद भाजपा का अभी से फोकस मिशन 2028 पर है। इस मिशन को फतह करने के लेकर भाजपा ने जो रणनीति बनाई है, उसके तहत पार्टी का टारगेट है कि मप्र में कम से कम हर तीसरा मतदाता भाजपा का सदस्य हो। इसको लेकर पार्टी ने सदस्यता अभियान के तहत प्रदेश में 2 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया है।
गौरतलब है कि इनदिनों भाजपा का सदस्ययता अभियान चल रहा है। आज से भाजपा के संगठन पर्व के अन्तर्गत सदस्यता अभियान का दूसरा चरण शुरू हुआ है। इसमें पार्टी ने एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। पार्टी ने पहले चरण में प्रदेश में करीब 1 करोड़ 10 लाख से अधिक सदस्य बनाए हैं। अब दूसरे चरण में फिर एक करोड़ सदस्य बनाने का दावा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने किया है। सदस्यता अभियान का दूसरा चरण 15 अक्टूबर तक चलेगा। इस चरण में पार्टी ने उन बूथों और जिलों पर फोकस किया है जिसमें पहले चरण में सदस्यता संख्या कम रही है। इन 30 जिलों में पार्टी ने प्रभारियों को अधिक सदस्यता वाले जिलों में किए गए नवाचार को अपनाने का निर्देश दिए हैं, जिसमें पार्टी कार्यकर्ता अनुसूचित जाति की बस्तियों में और महिलाओं के बीच जाकर उन्हें सदस्य बनाएंगे साथ ही अब डिजिटल के साथ फॉर्म भर करके भी सदस्यता दिलाई जाएगी। प्रदेश में कुल मतदाताओं का आंकड़ा पांच करोड़ से अधिक है। ऐसे में अगर भाजपा सदस्यता अभियान के दूसरे चरण में 2 करोड़ सदस्य संख्या के आंकड़े के आस- पास भी पहुंच जाती है तो प्रदेश का हर तीसरा मतदाता भाजपा का सदस्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *