प्रधानमंत्री श्री मोदी ने तिरंगा लहराने को बनाया जन-जन का अभियान – मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आरंभ हुए “हर घर तिरंगा” अभियान से पूरा देश नए उत्साह और उमंग से गुजर रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव के समय से आम आदमी द्वारा तिरंगा फहराने के संबंध में विशेष छूट दिलवाई थी। इसी का परिणाम है अब तिरंगा लहराना पूरे देश में जन-जन का अभियान बन गया है। हर घर तिरंगा अभियान में राज्य सरकार, केंद्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है। नगरीय निकाय, पंचायती राज संस्थाएं भी इस दिशा में सक्रिय हैं। हम सब अपने घर पर पवित्र तिरंगा लगाए और इसकी मर्यादा का भी ध्यान रखें। यही हमारी क्रांतिकारी, शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल पुलिस की तिरंगा रैली का शुभारंभ कर संबोधित कर रहे थे।