राजस्व महा अभियान का हो प्रभावी क्रियान्वयन – कुटीर व ग्रामोद्योग राज्यमंत्री श्री जायसवाल
सरकार की मंशा के अनुरूप शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो, हर ग्राम, हर नगर स्वच्छ व सुन्दर हो। योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। उक्ताशय के विचार कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने अनूपपुर में राजस्व महाअभियान 2.0, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में व्यक्त किए। बैठक में कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ, अपर कलेक्टर श्री अमन वैष्णव सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित थे।
कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण के प्रभावी प्रयास सुनिश्चित किए जांए। शिविर लगाकर नामांतरण, बंटवारा के प्रकरणों का निराकरण किया जाए। जिससे खातेदारों के राजस्व प्रकरणों तथा विवादों का निराकरण हो सके। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद से उत्पन्न कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही की जाए। उन्होंने हल्कावार पटवारियों की तैनाती सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने राजस्व महाअभियान 2.0 की समीक्षा में संतोषजनक प्रगति पर विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जाएं।
