PM मोदी का विपक्ष पर जोरदार हमला, कहा- प्रधानमंत्री का गला घोंटने की कोशिश की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बजट सत्र शुरू होने से पूर्व मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि संसद दल के लिए नहीं देश के लिए है। उन्होंने पिछले सत्र में विपक्ष के अभूतपूर्व हंगामे के लिए आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि नई संसद का गठन होने के बाद पहले सत्र में 140 करोड़ देशवासियों ने बहुमत के साथ जिस सरकार को सेवा करने का आदेश किया, उसकी आवाज को कुचलने का अलोकतांत्रिक प्रयास हुआ। मोदी ने कहा कि ढाई घंटे तक देश के प्रधानमंत्री का गला घोंटने का, उनकी आवाज को रोकने का लोकतांत्रिक परंपराओं में कोई स्थान नहीं हो सकता।
पीएम मोदी ने अफसोस जाहिर किया कि विपक्ष को इसका कोई पश्चाताप नहीं है। यह सदन राजनीतिक दलों के लिए नहीं बल्कि देश के लिए है। यह सांसदों की सेवा के लिए नहीं बल्कि नागरिकों की सेवा के लिए है। उन्होंने विपक्ष से दलीय राजनीति से ऊपर उठकर संसद के गरिमामय मंच का उपयोग करते हुए राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2029 तक देश की एकमात्र प्राथमिकता उसके गरीब, किसान, महिलाएं और युवा होने चाहिए।
