देशफीचर्ड

आज से सांसदों की शपथ शुरू, 26 को लोकसभा अध्यक्ष के लिए भिड़ेंगे पक्ष और विपक्ष

18 वीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है। सरकार और विपक्ष ने अपनी-अपनी पूरी तैयारी की है। दस साल में पहली बार मजबूत विपक्ष इस बार मोदी सरकार को घेरने के लिए शुरुआत से ही दम लगा रही है। इसकी शुरुआत प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति पर टकराव को लेकर हो चुकी है। वहीं सत्र के पहले दो दिन सांसदों का शपथ ग्रहण के दौरान सदन में ज्यादा कुछ नहीं होगा, लेकिन 26 जून को स्पीकर के चुनाव में सरकार और विपक्ष में टकराव दिख सकता है।

दरअसल, इस बार कांग्रेस ने विपक्ष को डिप्टी स्पीकर पद देने की मांग की है। वहीं एनडीए के भीतर भाजपा अपना स्पीकर बनाने को तैयार दिख रही है। डिप्टी स्पीकर को लेकर सरकार ने अब तक कोई संकेत नहीं दिए हैं। यदि सरकार विपक्ष को डिप्टी स्पीकर का पद नहीं देती है तो स्पीकर के नाम पर सर्वसम्मिति बनाना सरकार के लिए आसान नहीं होगा। इसके बाद 27 जून को राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा, जिस पर संसद के दोनों सदनों में चर्चा की जाएगी। इस दौरान सरकार को घेरने के लिए विपक्ष ज्वलंत मुद्दों को उठाने की रणनीति बना रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *