बीजेपी में शामिल हुए तरणजीत सिंह संधू, अमेरिका में रह चुके हैं भारत के राजदूत
पंजाब में पार्टी के विस्तार अभियान में जुटी भाजपा को मंगलवार को एक और कामयाबी मिल गई। अमेरिका में भारत के राजदूत रह चुके पूर्व आईएफएस अधिकारी तरणजीत सिंह संधू ने मंगलवार को भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े एवं तरुण चुग, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा और अन्य नेताओं की मौजूदगी में तरणजीत सिंह संधू ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
विनोद तावड़े ने तरणजीत सिंह संधू का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने अलग-अलग देशों में अपनी तैनाती के दौरान देश की सेवा की और और उनके पार्टी में आने से भाजपा पंजाब में और ज्यादा मजबूत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब में हर दृष्टि से विकास करना चाहते हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद तरणजीत सिंह संधू ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काम किया है, अमेरिका और श्रीलंका जैसे देशों में काम किया है। पिछले चार सालों में अमरिका के साथ भारत के संबंध पार्टनरशिप के रूप में बदले हैं। दोनों देशों के संबंध और ज्यादा प्रगाढ़ हुए हैं।
