सीएम मैडम के जन्मदिन पर बच्चों ने भी खूब मस्ती, मैडम के गालों में लगाया केक
रायपुर, 11 मार्च, 2024/ अपने जन्मदिन के अवसर पर आयोजित न्योता भोज में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने अपने हाथों से बनी खीर और केक बच्चों को खिलाई और उन्हें ढेर सारा स्नेह दिया। न्योता भोज का आयोजन सरदार प्रीतम सिंह सैनी प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला श्यामनगर में और शासकीय बालिका गृह खम्हारडीह में किया गया। उन्होंने अपने परिवार जनों और बच्चों के साथ न्योता भोज भी किया।
इस मौके पर श्रीमती साय ने बच्चों से पूछा कि खीर कैसी बनी है। बच्चों ने बताया कि खीर बहुत अच्छी बनी है। उन्होंने बच्चों को बताया कि अपने जन्मदिन पर हम लोग हमेशा खीर बनाते हैं। मेरे बच्चों को भी खीर बहुत प्रिय है। आप सब बहुत प्यारे बच्चे हैं इसलिए आपके लिए भी अपने जन्मदिन पर आज खीर बनाकर लाई हूं।
श्रीमती कौशल्या साय ने बच्चों से पढ़ाई लिखाई और बच्चों की छोटी-छोटी शरारतों के बारे में ढेर सारी बातें की। उन्होंने स्कूल के शिक्षकों से भी बच्चों की पढ़ाई लिखाई के बारे में चर्चा की।