‘दुनिया के लिए चुनौती है जलवायु परिवर्तन’, -सीएम विष्णुदेव साय
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि जलवायु परिवर्तन पूरे विश्व के लिए विकराल समस्या है, जिससे निपटने के लिए ‘हमें रणनीति तय कर प्रकृति को बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करना होगा।’ मुख्यमंत्री साय मंगलवार को राज्य की राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में दो दिवसीय ‘छत्तीसगढ़ जलवायु परिवर्तन सम्मेलन 2024′ की शुरूआत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साय ने कहा, ”जलवायु परिवर्तन पूरे विश्व के लिए विकराल समस्या है। जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों के कारण अनियमित वर्षा, लंबे समय तक सूखा, चक्रवाती वर्षा, वर्षा ऋतु के समय में परिवर्तन जैसी चुनौतियां पूरी दुनिया के साथ ही देश और प्रदेश के सामने भी हैं। इससे निपटने के लिए हमें रणनीति तय कर प्रकृति को बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करना होगा।”