लगातार दूसरे मैच में 0 पर आउट हुए रोहित शर्मा
इंदौर: अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में रोहित शर्मा पहली गेंद पर ही बोल्ड हो गए। रोहित शर्मा लगातार दूसरे टी20 मैच में अपना खाता नहीं खोल पाए। रोहित 14 महीने बाद टीम इंडिया के लिए टी20 टीम में वापसी कर रहे हैं, लेकिन पिछले दोनों ही मैच में वह एक भी रन नहीं बना सके। अफगानिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला रोहित शर्मा का टी20 इंटरनेशनल करियर में 150वां मैच था। हालांकि, वह इस मैच में गोल्डन डक होकर पवेलियन वापस लौटे। रोहित को फजल हक फारुखी ने बोल्ड किया।
अफगानिस्तान के लिए इस मैच में फजलहक फारुखी पारी का पहला ओवर करने आए। पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर रोहित शर्मा को लगा कि गेंद उछाल के साथ उनके बल्ले पर आएगी, लेकिन फजलहक फारुखी ने जिस गति से बॉल डाली वह नीचे रह गई। इसका परिणाम यह हुआ कि रोहित शर्मा पूरी तरह से शॉट को मिस कर गए और उनका विकेट हवा में लहरा गया।
