सीएम ने खोल दिया कांग्रेस का सबसे बड़ा चुनावी पत्ता
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घोषणा की कि अगर राज्य में कांग्रेस सत्ता में आई तो किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। मुख्यमंत्री बघेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘घोषणा! कांग्रेस के सत्ता में आते ही पूर्व की तरह इस बार भी हम किसानों का कर्ज माफ करेंगे।’’ राज्य में कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री बघेल ने यह घोषणा सक्ती जिले के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने के दौरान एक सभा में की। पार्टी ने सक्ती विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत को अपना उम्मीदवार बनाया है।
बघेल ने सभा में कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक किसान, मजदूर, नौजवान और महिलाओं के लिए एक भी घोषणा नहीं की है। राहुल जी आए घोषणा की कि जाति जनगणना होगी। प्रियंका जी ने कहा गरीब लोगों को आवास दिये जाएंगे। हमने कहा है कि केंद्र सरकार हमारा हिस्सा दे या न दे छत्तीसगढ़ सरकार गरीबों के लिए घर बनाकर रहेगी।’’
