महाराष्ट्र के जालना में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया
महाराष्ट्र के जालना जिले में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर धरना दे रहे लोग शुक्रवार को हिंसक हो गए। हिंसा में पुलिस कर्मियों सहित दर्जनों लोग घायल हो गए। घटना अंबाड तहसील के धुले-सोलापुर रोड पर अंतरवाली सारथी गांव की है।
बाद में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और हिरासत में लेने की कोशिश की। इसके बाद भीड़ हिंसक हो गई और पथराव शुरू कर दिया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि पुलिस ने हवा में कुछ राउंड फायरिंग की, लेकिन अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की।
29 अगस्त से धरना जारी था
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर 29 अगस्त से मराठा मार्चा के संयोजक मनोज जारांगे समेत 10 लोग धरने पर बैठे थे। शुक्रवार को पुलिस ने भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की। लेकिन उनके विरोध करने पर पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। इस पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। पुलिस ने आक्रामक प्रदर्शनकारियों को शांत करने के लिए हवा में गोलियां चलाईं।