मणिपुर के थोरबुंग में कुकी-मैतेई भिड़े, रातभर चलीं गोलियां
तारीख: 22 जुलाई, 2023। दिन: शनिवार। वक्त: शाम के 6:30 बजे। मणिपुर हिंसा के एपिसेंटर चुराचादंपुर में हम कुकी महिलाओं से मिलकर लौट रहे थे। इंफाल की तरफ 10 Km चले थे कि दूर एक इमारत में आग लगी नजर आई। हम उस तरफ चल दिए, इमारत करीब 3 Km दूर थी।
वक्त: शाम के 6:54 बजे। हम जलती हुई इमारत के पास पहुंचे, फोन निकाला और फोटो-वीडियो लेना शुरू किया। तभी एक गोली करीब से सनसनाती हुई निकल गई। हमारी तरफ फायरिंग होने लगी। पास की खंडहर इमारत की तरफ भागे। हम दीवार के पीछे छिपे थे और लगातार फायरिंग हो रही थी। ये सिंगल शॉट नहीं थे, इंसास, एके-47 और एके-56 से फायरिंग हो रही थी।
