साउथ सुपरस्टार राम चरण बने पिता:पत्नी उपासना ने दिया बेटी को जन्म
साउथ सुपरस्टार राम चरण और पत्नी उपासना कोनिडेला पहली बार पेरेंट बने हैं। 20 जून को उनके घर बेटी का जन्म हुआ है। अस्पताल के बुलेटिन के जरिए इस खबर की जानकारी दी गई, जिसमें लिखा है- मिसेज उपासना कामिनेनी और राम चरण को 20 जून 2023 को अपोलो अस्पताल जुबली हिल्स हैदराबाद में एक बेटी हुई। बच्चा और मां दोनों ही स्वस्थ हैं। राम चरण और उपासना ने दिसंबर में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फैंस के साथ यह गुड न्यूज शेयर की थी।
उपासना और राम चरण ने शादी के 11 साल बाद अपने पहले बच्चे का वेलकम किया है। राम चरण के पिता सुपरस्टार चिरंजीवी और उनका पूरा परिवार अपनी पोती का स्वागत करने के लिए मंगलवार की सुबह कपल से मिलने हॉस्पिटल पहुंचा। इसके अलावा सोमवार रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें राम अपनी पत्नी के साथ हॉस्पिटल में एंट्री करते हुए नजर आ रहे हैं। बेटी के जन्म की खबर मिलते ही राम चरण के फैंस खुशी से झूम उठे हैं। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें फैंस हॉस्पिटल के बाहर जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। ट्विटर पर #megastarprinces ट्रेंड कर रहा है।
