चीन में 10 साल में शादियां 50% कम:पिछले साल 68.3 लाख ने ही की शादी
चीन गिरती जन्म दर से जूझ रहा है। युवाओं को सरकार कई तरह के लुभावने वादे कर शादी के लिए प्रोत्साहित करने की कोशिश कर रही है। इसके बावजूद उनमें शादी को लेकर खास दिलचस्पी नहीं है। यही वजह है कि 1970 के दशक के उत्तरार्ध के बाद से चीन में बीते साल सबसे कम शादियां दर्ज की गईं।
ये चीन की आबादी के बिगड़ते संतुलन को दर्शाता है। इसमें 60 से अधिक सालों में पहली बार जनसंख्या में गिरावट शामिल है। हालांकि ये आंकड़े कोविड प्रतिबंधों के दौरान के हैं जब कई शहरों में लॉकडाउन लगाया गया था।
चीनी मीडिया रिपोर्ट्स में नागरिक मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक शादी के पंजीकरण में लगातार नौवें साल गिरावट आई है। पिछले साल के नवविवाहितों की संख्या 68.3 लाख रही। यह 2013 की तुलना में लगभग आधी है। 2013 में रिकॉर्ड 1.34 करोड़ जोड़े शादी के बंधन में बंधे थे। 2021 में 76.3 लाख विवाह हुए थे। यानी 2022 में 10.5% शादियां घट गईं। 1986 के बाद से यह सबसे कम हैं।