मणिपुर में एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन शुरू, 35 हथियार बरामद
सेना और असम राइफल्स ने शनिवार को पुलिस और CRPF के साथ मिलकर मणिपुर के पहाड़ी और घाटी क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन शुरू किया। जिसमें 35 हथियार और 88 बम बरामद हुए। मणिपुर सरकार के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को राज्य में हिंसा नहीं हुई।
वहीं, शुक्रवार रात मणिपुर के वेस्ट इंफाल जिले के दो गांवों पर कुकी समुदाय के लोगों ने हमला किया। जिसमें 15 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, कुकी समुदाय के लोगों ने मॉर्डन हथियारों और बमों के साथ अटैक किया। उधर, विष्णुपुर जिले के पोंबिखोक से भी हिंसा की जानकारी मिली। हालांकि, यहां किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई।
बता दें कि एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन राज्य में हिंसा के दौरान लूटे गए हथियारों को बरामद करने के लिए चलाया गया है, ताकि मणिपुर में शांति बहाल की जा सके। सेना के एक अधिकारी ने कहा कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए प्रयास जारी हैं। हथियार जब्त किए जा रहे हैं, ताकि उपद्रवी लोगों को परेशान न कर सकें।