CM भूपेश ने छत्तीसगढ़ के लिए 2659 करोड़ मांगे:नीति आयोग की बैठक में शामिल हुए
पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की आठवीं बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। यहां मुख्यमंत्री ने राज्य से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर अपनी बात और मागें रखी। उन्होंने बैठक में कहा कि जीएसटी से राज्यों को राजस्व में हानी हो रही है। जिसकी भरपाई की स्थायी व्यवस्था दी जाए। इसके अलावा केन्द्रीय करों में राज्य के हिस्से की 2659 करोड़ भी जल्द देने अनुरोध प्रधानमंत्री से किया है।
सीएम ने यहां कोयला और अन्य खनिजों की रॉयल्टी दर में संशोधन की भी मांग रखी। उन्होंने बैठक में कहा कि संशोधन नहीं होने से राज्य के वित्तीय हितों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। आयरन प्लांट्स में प्रोडक्शन कैपेसिटी के अनुरूप लौह अयस्क आरक्षित रखने की मांग सीएम ने की है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बलों की तैनाती पर हुए सुरक्षा व्यय 11 हजार 828 करोड़ रुपए को केंद्र सरकार द्वारा वहन करते हुए,राज्य को इस बकाया से मुक्त करने का आग्रह भी किया। इन सब के अलावा सीएम ने 20 हजार से कम आबादी के शहरों में मनरेगा लागू करने का सुझाव दिया है।
