अडानी एंटरप्राइजेज 2600 पार, 6 शेयरों में अपर सर्किट
नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट के पैनल की तरफ से क्लीन चिट मिलने के बाद सोमवार को अडानी ग्रुप के शेयरों में बंपर तेजी दर्ज हुई थी। अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर सोमवार को करीब 19 फीसदी उछल गया था। इसके बाद आज मंगलवार को अडानी ग्रुप के बारे में एक और गुड न्यूज सामने आई। राजीव जैन की इन्वेस्टमेंट फर्म जीक्यूजी पार्टनर्स ने अडानी ग्रुप में अपनी हिस्सेदारी 10 फीसदी बढ़ा दी है। इससे आज अडानी ग्रुप के शेयरों में बड़ी तेजी दर्ज की गई। आइए जानते हैं कि आज ग्रुप के शेयरों का क्या हाल रहा।
अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर में मंगलवार को भी भारी तेजी दर्ज की गई है। कंपनी का शेयर बीएसई पर 13.19 फीसदी या 306.70 रुपये बढ़कर 2632.25 रुपये पर पहुंच गया। इससे कंपनी का मार्केट कैप 3,00,076.80 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
