पद्म सम्मान मिलने के बाद शाह रशीद अहमद कादरी ने पीएम मोदी से कही दिल की बात
नई दिल्ली:शाह रशीद अहमद कादरी को बुधवार को पद्म श्री सम्मान से नवाजा गया। सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनका एक वीडियो सामने आया। इस वीडियो में वह पीएम को धन्यवाद देते हैं। साथ ही कहते हैं कि उन्हें कांग्रेस राज में पद्म सम्मान मिलने की उम्मीद थी। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं। बीजेपी सरकार से उन्हें यह पुरस्कार मिलने की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। लेकिन, पीएम ने उन्हें गलत साबित कर दिया। प्रधानमंत्री इस बात पर बड़ी विनम्रता से हंसने लगते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस वर्ष के गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 106 पद्म पुरस्कार दिए जाने को मंजूरी दी थी। बुधवार को कुल 53 पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया। इनमें तीन पद्म विभूषण, पांच पद्म भूषण और 45 पद्म श्री शामिल रहे। अन्य प्रतिष्ठित हस्तियों को 22 मार्च को पद्म पुरस्कार दिए गए थे।