CM ने टेंट सिटी का भूमिपूजन किया:नवा रायपुर में कांग्रेस महाधिवेशन के लिए 14 हजार लोगों की क्षमता वाला डोम बनेगा,
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को नवा रायपुर में प्रस्तावित कांग्रेस महाधिवेशन स्थल पर टेंट सिटी निर्माण का भूमिपूजन किया। मेला ग्राउंड पर महाधिवेशन के लिए 13-14 हजार लोगों की बैठक क्षमता वाला भव्य डोम बनेगा। वहीं पर किचन की भी व्यवस्था होगी। महाधिवेशन स्थल पर ही कांग्रेस के इतिहास पर केंद्रित एक प्रदर्शनी, राज्य सरकार की उपलब्धियों बताने वाले स्टाल और स्थानीय उत्पादों के बिक्री के लिए स्टाल भी लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को मंत्रियों और कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ नवा रायपुर पहुंचे। वहां उन्होंने टेंट लगाने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों से बात कर पूरी योजना समझी। बाद में वहां नारियल फोड़कर पूजा-अर्चना की। इसके साथ मिठाईयां बांटी गईं। मुख्यमंत्री ने कहा, विचार, रणनीति और देश की दिशा निर्धारित करने के लिए आयोजित इस “मंथन महायज्ञ’ से जनकल्याण और भारत जोड़ने का संकल्प और अधिक मजबूत होगा।