भूपेश बघेल बोले- झूठ बोलने में BJP को महारत
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा नेताओं पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें झूठ बोलने में महारत हासिल है। लेकिन, अभी वो प्राइमरी क्लास में है और PHD नहीं हुए, इसलिए इनका झूठ पकड़ा जा रहा है और लोगों को भी विश्वास नहीं हो रहा है। इनकी मातृ संस्था में ही अफवाह फैलाने की ट्रेनिंग दी जाती है। लेकिन, इनका सही तरीके से ट्रेनिंग नहीं हुआ है। आरक्षण पर भाजपा नेताओं के मुंह में दही जम गया है और रासुका पर झूठी बयानबाजी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, गुजरात मॉडल में गरीब और गरीब होता जा रहा है। लेकिन, छत्तीसगढ़ मॉडल में हम गरीब, किसान, मजदूर को पैसा दे रहे हैं, जिससे लोगों को लाभ हो रहा है। बिलासपुर के तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में भेंट मुलाकात कार्यक्रम और अफसरों की बैठक के बाद खपरी रेस्ट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आरक्षण को लेकर भाजपा के छोटे से लेकर बड़े नेता बयान नहीं दे रहे हैं। यहां तक आरक्षण बिल में राज्यपाल हस्ताक्षर करें, यह अपील भी नहीं कर रहे हैं। और बात कर रहे हैं राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) का। उन्होंने रासुका पर भाजपा के बयानबाजी का जवाब देते हुए कहा कि रासुका राज्य सरकार ने नहीं बनाया है। राज्य सरकार को राष्ट्रीय कानून बनाने का अधिकार ही नहीं है और लोकसभा में पारित कानून पर बयानबाजी कर रहे हैं।
