डिपार्टमेंटल स्टोर की मालकिन मीना उरांव कभी करती थी दिहाड़ी मजदूरी
झारखंड में रांची जिले के लेपसर सीमरटोली की रहने वाली मीना उरांव अपने गांव के साथ आसपास के कई गांव के लोगों को डिपार्टमेंटल स्टोर की सुविधा दे रही हैं। मीना उरांव एक ही छत के नीचे जनरल स्टोर, रेडीमेड कपड़ों की दुकान, जूते चप्पल की दुकान, हार्डवेयर और कुर्सी -टेबल के साथ बर्तन की दुकान का सफलतापूर्वक संचालन कर रही है। आर्थिक संपन्नता की ओर कदम बढ़ा चुकी मीना उरांव कि जिंदगी इतनी आसान भी नहीं थी। महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ने से पहले मीना उरांव के जीवन में पैसे की किल्लत ने डेरा डाल दिया था। हालांकि समय का पहिया घूमने के साथ मीना उरांव के घर भी खुशियों ने दस्तक दी है।सफलता के शीर्ष की ओर कदम बढ़ा रही मीना को अपने पति पुनीत उरांव का भरपूर सहयोग मिलता है। बात सामान की खरीदारी की हो या फिर स्टोर के संचालन में, हर कदम पर पुनीत अपनी पत्नी के साथ खड़े दिखते हैं।
