मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार जिले में सड़कों के मरम्मत का कार्य लगातार जारी
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार राज्य में सड़कों के मरम्मत का कार्य लगातार जारी है।इसी कड़ी में कोरिया कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा स्वयं सड़क संधारण कार्यों का निरंतर निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की जा रही है। कलेक्टर श्री लंगेह द्वारा लगातार मार्गों का औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है। अमरपुर-चिरमिरी मार्ग का औचक निरीक्षण करने के पश्चात कोरिया जिले के कलेक्टर ने संधारण कार्य का बारीकी से अवलोकन करते हुए उपस्थित लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़क के संबंध में जानकारी ली है।
अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ने बताया कि इस 12 किमी लंबाई की सड़क में बीटी पैच रिपेयर का काम चल रहा है जिसमें 6 किमी में पैच रिपेयर का काम पूर्ण हो चुका है। शेष पर कार्य प्रगति पर है जिसे तेजी से पूरा किया जा रहा है। श्री लंगेह ने सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय सीमा में पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए हैं।
