एलन मस्क ने ट्विटर कर्मचारियों को भेजा पहला ई-मेल
नई दिल्ली : दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और ट्विटर के मालिक एलन मस्क (Elon Musk) ने सोशल मीडिया कंपनी के कर्मचारियों को अपना पहला ई-मेल भेजा है। मस्क ने बुधवार देर रात ट्विटर (Twitter) के स्टाफ को यह मेल भेजा। इस मेल में उन्होंने कर्मचारियों से कई सारी बाते कही हैं। मेल में मस्क ने कर्मचारियों से आने वाले समय में कठिन वक्त के लिए तैयार रहने को कहा है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इस मेल में उन्होंने वर्क फ्रॉम होम की सुविधा को भी समाप्त करने की भी बात कही। साथ उन्होंने कहा कि आर्थिक परिदृश्य अच्छा नहीं है और ट्विटर जैसी विज्ञापन पर आधारित कंपनी पर इसका काफी असर पडे़गा।
हफ्ते में 40 घंटे ऑफिस में बिताने होंगे
मस्क ने मेल में लिखा, ‘इस बात को शुगरकोट करने का कोई तरीका नहीं है कि आर्थिक परिदृश्य अच्छा नहीं है। ट्विटर जैसी विज्ञापन पर निर्भर कंपनी पर इसका बुरा असर पड़ सकता है।’ रिपोर्ट के अनुसार, मस्क ने कहा कि अब घर से काम नहीं होगा। कर्मचारियों को अब कम से कम हफ्ते में 40 घंटे ऑफिस में बिताने होंगे। कुछ आवश्यक मामलों में वे खुद ही इसकी अनुमति देंगे।
