ड्रैगन की US में जासूसी करने की साजिश नाकाम:
चीन की ओर से अमेरिका में जासूसी करने की साजिश नाकाम हो गई है। चीन एक बगीचा विकसित कर उसमें पगोडा (मठ या गुंबद) बनाकर जासूसी करना चाह रहा था, लेकिन अमेरिकी खुफिया एजेंसी FBI ने वक्त रहते उसे रोक दिया।
दरअसल, चीन ने साल 2017 में अमेरिका के सामने 10 करोड़ डॉलर (करीब 700 करोड़ रुपए) खर्च कर एक बगीचा और पगोडा बनाने का प्रस्ताव रखा था। इसके लिए नेशनल अर्बोरेटम नाम की जगह तय की गई थी। यह अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस समेत अन्य सरकारी भवनों से 8 किलोमीटर दूर थी।
चीन पगोडा की ऊंचाई की वजह से दूर तक नजर रखना चाहता था। वॉशिंगटन के स्थानीय प्रशासन ने भी इसकी मंजूरी दे दी थी पर FBI ने चीन के इरादों को भांपते हुए प्रस्ताव रद्द कर दिया।
चीन ने मोबाइल टॉवर पर डिवाइस लगा जासूसी की
बता दें कि चीन ने अमेरिका में अपने हुवेई के डिवाइस से भी जासूसी करने की कोशिश की है। FBI की जांच में सामने आया कि चीन ने मोबाइल टॉवर्स पर हुवेई के जासूसी डिवाइस लगाने की साजिश रची थी। इनसे मिडवेस्ट के सैन्य ठिकानों की जासूसी की जा सकती थी। ये डिवाइस ओबामा के दौर में लगने शुरू हो गए थे।
