बांग्लादेश में तेल की कीमतों में इतिहास की सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी
भारत के पड़ोसी देशों में लगातार संकट बढ़ रहा है। श्रीलंका की अर्थव्यवस्था पूरी तरह तबाह हो गई है। पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था अपनी आखिरी सांस ले रही है। तो वहीं अब भारत के एक और पड़ोसी देश संकट की ओर बढ़ रहा है। ये देश है बांग्लादेश। बांग्लादेश का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार घट रहा है। महंगाई अपने चरम पर है। बांग्लादेश की सरकार अब IMF से लोन मांग रही है। लेकिन इसी बीच बांग्लादेश ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिससे महंगाई बढ़ना और तय माना जा रहा है। बांग्लादेश ने पेट्रोल की कीमतों में एक साथ 51.7 फीसदी की बढ़ोतरी की है।
पेट्रोल की कीमतों में ये बढ़ोतरी 1971 में बांग्लादेश के आजाद होने के बाद सबसे उच्चतम है। पेट्रोल की कीमतों में भारी उछाल के बाद जनता में आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोग सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में दिख रहा है कि तेल में बढ़ोतरी की घोषणा के तुरंत बाद पेट्रोल पंप पर हजारों लोगों की भीड़ लग गई। हर कोई अपने गाड़ियों के टैक को फुल करा रहा था। इस दौरान कई जगहों पर पेट्रोल पंप ने फायदा उठाया और घोषणा के तुरंत बाद पंप को बंद कर दिया। बढ़ी हुई कीमतों के आधार पर रात 12 बजे के बाद पेट्रोल पंप वापस शुरू किया।
