शिंदे ने दी उद्धव को जन्मदिन की बधाई:कहा- मां जगदम्बा से आपकी लंबी उम्र की कामना करता हूं
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को जन्मदिन की बधाई दी है। शिंदे ने पोस्ट कर कहा- जगदंबा से कामना करता हूं कि आपकी उम्र लंबी हो। उद्धव ठाकरे बुधवार को 62 साल के हो गए। शिंदे की ओर से यह बधाई संदेश उद्धव के सामना को दिए इंटरव्यू के बाद आया है। इंटरव्यू में उद्धव ने शिंदे को लेकर विवादित टिप्पणी की थी।
उद्धव बोले- शिंदे और बागी विधायक सड़े हुए पत्ते जैसे
सामना के कार्यकारी संपादक संजय राउत को दिए इंटरव्यू में उद्धव ठाकरे ने एकनाथ शिंदे पर जमकर प्रहार किया। उद्धव बोले- अगर मैंने उसे (शिंदे को) मुख्यमंत्री बना भी दिया होता तो उसके इरादे शैतानी हैं। सड़े हुए पत्तों को पेड़ से गिर ही जाना चाहिए। जिन्हें पेड़ ने सब कुछ दिया, वे खुद ही पेड़ को छोड़कर जा रहे हैं। जिन्हें सबसे ज्यादा फायदा मिला, वही पार्टी छोड़कर गए।