खाद की ओवररेटिंग पर भड़के मुख्यमंत्री:अफसरों को कार्रवाई के निर्देश
प्रदेश में रासायिक खाद की कालाबाजारी और ओवररेटिंग की शिकायतों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियाें से निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कृषि उत्पादन आयुक्त को केंद्र सरकार से समन्वय कर मांग के अनुरूप रासायिक खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पत्र लिखने को भी कहा है।
मुख्यमंत्री बुधवार को निवास कार्यालय में वर्षा की स्थिति, खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई जलाशयों में पानी की स्थिति, खरीफ फसलों की बुवाई, संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के उपायों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में अधिकारियों ने बताया, चालू खरीफ सीजन के लिए में केन्द्र से यूरिया, डीएपी, एनपीके, पोटाश और सुपर फास्फेट को मिलाकर कुल 13 लाख 70 हजार मीट्रिक टन रासायनिक खाद मांगा गया था। केंद्र सरकार की ओर से अभी तक छत्तीसगढ़ को मात्र 6 लाख 30 हजार मीट्कि टन खाद ही मिल पाई है। बताया गया, मार्कफेड, सहकारी समिति और निजी क्षेत्रों में कुल 11 लाख तीन हजार मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरक का भंडारण किया गया है जो खरीफ के लिए निर्धारित लक्ष्य का 81% है। किसानों को समितियों और निजी क्षेत्रों से मिलाकर 67% रासायनिक खाद का वितरण किया जा चुका है।
