हत्यारे तक कैसे पहुंची शिंजो आबे के नारा पहुंचने की खबर?
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वह 2020 में इस्तीफा देने तक जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे। आज सुबह चुनावी प्रचार के दौरान भाषण देते समय आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर पत्रकार की वेषभूषा में मोडिफाइड शॉटगन के साथ उनके भाषण वाली जगह पर पहुंचा था। हमलावर ने पीछे से आकर शिंजो आबे को दो बार गोली मारी। बताया जाता है कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो चुकी थी, इसके बावजदू डॉक्टरों ने करीब साढ़े चार घंटे तक उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की। इस बीच सवाल उठ रहा है कि शिंजो आबे के नारा शहर दौरे की जानकारी देर रात ही आई थी। ऐसे में हमलावर तक यह सूचना कैसे पहुंची और उसने चंद घंटे की तैयारी में एक मोडिफाइड शॉटगन के जरिए दिन में 11.30 मिनट पर इस हमले को अंजाम कैसे दे दिया।
हमलावर को कैसे पता चला दौरे की खबर?
जापान में इसी रविवार को संसदीय चुनाव होने हैं। ऐसे में शिंजो आबे के ऊपर अपनी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी को जिताने की जिम्मेदारी थी। इसलिए वे नारा शहर में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों का समर्थन करने के लिए चुनाव प्रचार करने आए थे। जाहिरा तौर पर उस यात्रा की पुष्टि कल यानी गुरुवार देर रात ही हुई थी, इसलिए संदिग्ध इस बारे में पता लगाने और तैयारी करने में कैसे कामयाब रहा, यह एक बड़ा प्रश्न बना हुआ है।