अल्पसंख्यक आयोग चेयरमैन को बताया भ्रष्टाचारी : पंजाब AAP
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) विवादों में घिर गई है। AAP ने सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट डाली। जिसमें राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन इकबाल सिंह लालपुरा को भ्रष्टचारी बता दिया। हालांकि पोस्ट डालते ही उन्हें गलती का पता चला। कुछ मिनट बाद इस पोस्ट को हटा दिया गया। तब तक इसके स्क्रीनशॉट लिए जा चुके थे। इसका पता चलते ही लालपुरा ने AAP को मानहानि का नोटिस भेज दिया। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान से सार्वजनिक माफी मांगने को कहा है।
भ्रष्टाचार के आरोपियों संग लगाई तस्वीर
आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी किया। इसमें भगवंत मान की बड़ी फोटो लगाई है। इसे ‘मान सरकार में सारे भ्रष्टाचारी पकड़े जाएंगे’ के हेडिंग से बनाया गया। इसमें जंगलात विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप में पकड़े पूर्व कांग्रेसी मंत्री साधु सिंह धर्मसोत, इसी केस में नामजद संगत सिंह गिलजियां और अवैध खनन में गिरफ्तार हुए पूर्व कांग्रेसी विधाायक जोगिंदरपाल भोआ की तस्वीर है। इसी में चौथे नंबर पर लालपुरा की तस्वीर लगा दी गई। उन्हें पूर्व कांग्रेसी जंगलात मंत्री बताते हुए पेड़ों की अवैध कटाई का आरोप बताया गया।