हावड़ा में उपद्रवियों ने थाना फूंका, भाजपा दफ्तर तबाह कर डाला

पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के बाद भाजपा से निष्कासित नेता नूपुर शर्मा के खिलाफ शुक्रवार को देश के 12 राज्यों में प्रदर्शन हुए। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, बंगाल और गुजरात के कई शहरों में जुमे की नमाज के बाद लोग सड़कों पर उतर आए और नूपुर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की।

उत्तर प्रदेश के कई शहरों में पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। प्रयागराज में प्रदर्शनकारियों ने PAC का ट्रक तक फूंक डाला। कर्नाटक में नूपुर का पुतला लटका दिया। झारखंड की राजधानी रांची में भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। इधर, पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्टेशन के पास लोगों ने पटरी पर आगजनी की और पुलिस का वाहन फूंक दिया। बवालियों ने हावड़ा डोमजूर थाने पर पहले पथराव किया फिर उसे फूंक दिया। बवाली यहीं नहीं रुके, उलुबेरिया में भाजपा के एक कार्यालय में तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई। हावड़ा में इंटरनेट सर्विस रोक दी गई है।

एक दिन पहले ही नूपुर सहित 33 लोगों के खिलाफ हेट स्पीच देने का मामला दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया है। मुंबई में भी उनके खिलाफ एक मामला दर्ज हुआ है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने ही उन्हें सुरक्षा भी प्रदान की है, क्योंकि उन्हें जान से मारने और रेप की धमकियां मिल रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *