सलमान को जान से मारने की धमकी:खत में लिखा- मूसेवाला जैसा हाल करेंगे
एक्टर सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उनकी सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। महाराष्ट्र होम डिपार्टमेंट ने धमकी मिलने के बाद एक्शन लिया है। सलमान और उनके पिता की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम सोमवार को सलमान के घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ पहुंची।
पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि इस मामले में 4 लोगों के स्टेटमेंट को रिकॉर्ड किया गया। मुंबई पुलिस ने सलमान के अलावा उनके पिता और दोनों भाई सोहेल और अरबाज खान का बयान भी दर्ज किया है। मामले में पुलिस को 200 से ज्यादा CCTV फुटेज मिले हैं। क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की कुल 10 टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। मुंबई पुलिस कमिश्नर संजय पांडेय ने एक स्टेटमेंट में कहा, “मुंबई पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। हम एक्टर को मिले लेटर और पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। जरूरत पड़ी तो हम सुरक्षा बढ़ाएंगे।”