मूसेवाला को मारने वाली गैंग राजस्थान में होती है ऑपरेट
मशहूर पंजाबी सिंगर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला के मर्डर की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली है। लॉरेंस फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। इससे पहले वह राजस्थान की जोधपुर और अजमेर जेल में भी लंबे समय तक बंद रहा है और अभी भी तिहाड़ जेल कैद है।
लॉरेंस के खास दोस्त गैंगस्टर गोल्डी बरार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा भी कि गोल्डी बरार और लॉरेंस ग्रुप ने अपने भाई विक्की मिड्डुखेड़ा और गुरलाल बरार की हत्या का बदला ले लिया है। दोनों गोल्डी बरार और लॉरेंस के बेहद करीबी थे। इस हत्याकांड के बाद लॉरेंस गैंग एक बार फिर पूरे देश में सुर्खियों में हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब सहित राजस्थान में लॉरेंस के रसूख का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह तिहाड़ जेल से ही अपनी गैंग राजस्थान सहित कई राज्यों में ऑपरेट कर रहा है।
पहले जानिए गोल्डी और लॉरेंस कैसे नजदीक आए
लॉरेंस पंजाब के फाजिल्का जिले का रहने वाला है। गोल्डी बरार और लॉरेंस ने साल 2008 में पंजाब यूनिवर्सिटी की छात्र राजनीति से एक साथ काम करना शुरू किया। लॉरेंस ने जब पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव लड़ा, तब गोल्डी बरार उसका सीनियर था। धीरे-धीरे दोनों ने क्राइम वर्ल्ड में अपना सिक्का जमाया।
