‘अब जो भी आता है कहने को हिंदुस्तान आता है लेकिन जाता सिर्फ गुजरात’
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) ने शनिवार को केंद की नरेंद्र मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला। शरद पवार ने कहा कि मैंने इंदिरा, राजीव गांधी, नरसिम्हा राव, मनमोहन सबका कार्यकाल देखा है। जब दूसरे देशों से नेता आते थे तो वो दिल्ली आते थे। हैदराबाद या कोलकाता जाते थे लेकिन अब स्थिति बदल गई है। अब जो भी आता है कहने को हिंदुस्तान आता है लेकिन जाता सिर्फ गुजरात है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सत्ता आती है और सत्ता जाती लेकिन वो दिमाग में नहीं जानी चाहिए। शरद पवार महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में शनिवार शाम आयोजित संकल्प सभा में बोल रहे थे। दरअसल कुछ दिनों पहले एनसीपी की तरफ से एक वीडियो जारी कर यह ऐलान किया गया था कि इस रैली में सभी विरोधियों को करारा जवाब दिया जाएगा।
कोल्हापुर में आयोजित संकल्प यात्रा में एनसीपी प्रमुख शरद पवार के अलावा अजित पवार, छगन भुजबल, सुप्रिया सुले, हसन मुशरिफ,जयंत पाटिल, जितेंद्र आव्हाड,धनंजय मुंडे, राजेश टोपे समेत एनसीपी के तमाम मंत्री और नेता मौजूद रहे। इस दौरान एनसीपी को 2024 तक नंबर वन की पार्टी बनाने का लक्ष्य दिया गया। संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए शरद पवार ने कहा कि आज समाज का चित्र अलग दिखता है। लोगों को लड़ाने का षड्यंत्र शुरू है। दिल्ली की सत्ता केजरीवाल के पास है लेकिन गृह मंत्रालय बीजेपी के पास है। जिनके पास यह जिम्मेदारी है वो उसको ठीक से नहीं निभा सके। इससे देश में अस्थिरता की ऐसी भावना निर्माण होती है।
