AIMIM ने महाविकास अघाड़ी में शामिल होने का ऑफर दिया
महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में आने से रोकने के लिए AIMIM ने महाविकास अघाड़ी में शामिल होने की पेशकश की है। औरंगाबाद से सांसद इम्तियाज जलील ने स्वास्थ्य मंत्री और एनसीपी नेता राजेश टोपे से मिलकर यह संदेश शरद पवार तक पहुंचाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि AIMIM को शामिल कर लेने के बाद महाविकास अघाड़ी की सरकार जो अभी तीन चक्कों की गाड़ी की तरह चल रही है, उसमें एक चक्का और जुड़ जाएगा और संतुलन सही हो जाएगा।
सांसद जलील ने कहा कि इससे बीजेपी के विजय रथ को रोकना भी आसान हो जाएगा। इम्तियाज की इस पेशकश पर एनसीपी चीफ शरद पवार के डिसीजन का सभी को इंतजार है। महाराष्ट्र में सत्ता पक्ष में शामिल सभी पार्टियां AIMIM को बीजेपी की ‘B’ टीम कहती रही हैं। शिवसेना सांसद संजय राउत ने फिर से शनिवार को AIMIM को BJP की ‘B’ टीम कह कर संबोधित किया।
इस पर AIMIM सांसद इम्तियाज जलील ने कहा, ‘मैंने खुद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस, एनसीपी के साथ मिल कर गठबंधन की कोशिश की थी। लेकिन मुझे कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला था। आप हम पर बीजेपी की बी टीम होने का आरोप लगाते हैं, इसीलिए तो खुल कर प्रस्ताव दे रहा हूं कि हम आपके साथ आना चाहते हैं। अब हमने ऑफर दिया है, आपके जवाब का इंतजार है।’
