पुतिन ने रूसी सेना के 8 जनरलों को किया बर्खास्त!
रूसी सेना के आठ शीर्ष जनरलों (Russian Army News) को बर्खास्त कर दिया है। दावा यह भी किया गया है कि उन्होंने रूसी खुफिया एजेंसी एफएसबी (Russian Intelligence Agency) पर जानकारी जुटाने में फेल रहने और खराब रणनीति पर नाराजगी भी जताई है। हालांकि, इन दोनों दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। यूक्रेन का आरोप है कि रूसी सेना उनके देश में एक के बाद एक मोर्चे पर फेल होती जा रही है। रूसी सेना ने युद्ध शुरू होने के अगले दिन ही राजधानी कीव की घेराबंदी कर दी थी। लेकिन, 14 दिन बीत जाने के बाद भी रूसी सेना अब तक कीव के अंदर घुस नहीं पाई है।
यूक्रेन का दावा- खुफिया एजेंसी से भी नाराज हैं पुतिन
डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन की सुरक्षा परिषद के प्रमुख ओलेक्सी डैनिलोव ने कहा कि युद्ध की शुरुआत के बाद से ही पुतिन ने अपने आठ जनरलों को बर्खास्त कर दिया है। उन्होंने बताया कि मॉस्को यूक्रेन में मिल रही असफलता से सदमे और हैरानी में है। कहा जा रहा है कि पुतिन रूसी खुफिया एजेंसी एफएसबी के कमांडरों से भी नाराज हैं। उन्हें खुफिया जानकारी दी गई थी कि यूक्रेन कमजोर है और वह नव-नाजी समूहों से भरा हुआ है। ऐसे में अगर यूक्रेन पर हमला किया गया तो वे आसानी से हार मान लेंगे।