सऊदी अरब में भारतीयों के लिए बड़ी खुशखबरी, सभी कोरोना प्रतिबंध खत्म
रियाद : सऊदी अरब में काम करने वाले भारतीयों के लिए एक अच्छी खबर है। अब अपने काम पर लौटने का उनका रास्ता और ज्यादा सुगम हो जाएगा। सऊदी अरब ने शनिवार को कोरोना वायरस से निपटने के लिए सभी एहतियाती और रोकथाम वाले उपायों को वापस ले लिया। इससे आम नागरिकों और भारतीय कामगारों को लंबे प्रतिबंधों से राहत मिल गई है। खबरों के मुताबिक अब लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग और सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने से आजादी मिलेगी।
अरब न्यूज के मुताबिक देश के गृह मंत्रालय के एक आधिकारिक सूत्र ने इसकी जानकारी दी है। सऊदी प्रेस एजेंसी ने मंत्रालय के हवाले से कहा कि देश की दोनों पवित्र मस्जिदों और अन्य मस्जिदों में भी सोशल डिस्टेंसिंग प्रतिबंध को खत्म कर दिया गया है लेकिन श्रद्धालुओं को मास्क लगाना होगा। भारतीय कामगारों के लिए सबसे अच्छी खबर यह है कि अब उन्हें रियाद पहुंचने पर अनिवार्य कोविड-19 क्वारंटीन अवधि से नहीं गुजरना होगा। साथ ही, यात्रियों को भी अब देश में प्रवेश से पहले पीसीआर टेस्ट रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य नहीं होगा।
ऐप पर अपडेट करनी होगी स्वास्थ्य की जानकारी
देश में आने वाले सभी लोगों के वीजा में कोरोना संक्रमण के इलाज के खर्च को वहन करने वाला बीमा होना अनिवार्य है। मंत्रालय ने लोगों से प्रतिरक्षा के लिए देश की नीति का पालन करने पर जोर दिया है। इसके तहत पात्र लोगों को कोरोना वैक्सीन लगवाना अनिवार्य है। साथ ही किसी भी परिसर, कार्यक्रम, हवाई यात्रा या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने के लिए Tawakkalna ऐप पर अपने स्वास्थ्य की जानकारी अपडेट करना अनिवार्य है।