निवेशकों को 13.4 लाख करोड़ का घाटा:मार्केट कैप घटकर 242 लाख करोड़
रूस और यूक्रेन के बीच शुरू हुई लड़ाई से भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों को आज जमकर घाटा हुआ है। इनको 13.4 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। बुधवार को सेंसेक्स में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 255.68 लाख करोड़ रुपए था जो गुरुवार को 242.28 लाख करोड़ रुपए हो गया।
अक्टूबर से अब तक 32 लाख करोड़ घटा मार्केट कैप
वैसे अक्टूबर में जब सेंसेक्स 62 हजार के रिकॉर्ड पर था, तब मार्केट कैप 274 लाख करोड़ रुपए को पार कर गया था। उस लेवल से देखें तो यह घाटा 32 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा रहा है। गुरुवार यानी 24 फरवरी को देश की दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज से निवेशकों को 80 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
रिलायंस का मार्केट कैप 15.25 लाख करोड़ रुपए
बुधवार को रिलायंस का मार्केट कैप 16.05 लाख करोड़ रुपए था जो आज 15.25 लाख करोड़ रुपए है। मार्केट कैप के लिहाज से टॉप कंपनियों की बात करें तो टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (TCS) को 53 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। कल इसका मार्केट कैप 13.11 लाख करोड़ रुपए था जो आज 12.58 लाख करोड़ रुपए हो गया। HDFC बैंक का वैल्यू 46 हजार करोड़ रुपए कम होकर 7.86 लाख करोड़ रुपए हो गया। बुधवार को यह 8.32 लाख करोड़ रुपए था।
एक हफ्ते की बात करें तो रिलायंस के मार्केट कैप में 1.12 लाख करोड़ रुपए (6.78%) की कमी आई। अडाणी ग्रुप की कंपनियों को 66 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ है।