लंदन के सबसे बड़े इंडोर स्टेडियम ओ-2 एरेना की छत हवा में उड़ी
ब्रिटेन में यूनिस तूफान के कारण तबाही का मंजर देखने को मिला। तूफान के चलते कई पेड़ गिर गए। यूनिस से तेज हवाएं चली, इससे इमारतों और घरों को नुकसान हुआ। इन घटनाओं में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है। कई अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। यूनिस दो दिन में यूरोप में आने वाला दूसरा तूफान है। इसके पहले डुडले तूफान ब्रिटेन से टकराया था। यूनिस तूफान जर्मनी और पौलेंड में भी पांच लोगों की जान ले चुका है।
रेड अलर्ट जारी
यूनिस तूफान को देखते हुए ब्रिटेन के मौसम विभाग ने शुक्रवार को ही एक बड़े तूफान की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट घोषित कर दिया था। मौसम विभाग ने कहा कि इस भयंकर तूफान के कारण पूरे उत्तरी यूरोप में तेज हवाएं चलेंगी। जर्मनी में इस तूफान की गति 90 मील प्रति घंटा और इंग्लैंड में 122 मील प्रति घंटा दर्ज की गई है।
बिजली कटौती, उड़ान रद्द और स्कूल बंद
यूरोप में तूफान यूनिस से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। मौसम कार्यालय के अनुसार, हवा की गति तेज होने के कारण ब्रिटेन में करीब 2 लाख घरों की बिजली चली गई है। इधर तेज हवाओं से लंदन के इंडोर स्टेडियम ओ2 एरेना की छत उड़ गई है।