जिनपिंग के साथ कश्मीर मुद्दा उठाने वाले इमरान को QUAD का जवाब
मेलबर्न: भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया (United States India Japan Australia) के क्वाड गठबंधन (Quadrilateral Security Dialogue Meeting) ने आतंकवाद लेकर कड़ा रुख दिखाया है। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में हुई क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों (Quad Meeting on Terrorism) की बैठक में सभी देशों ने मुंबई (Quad on Mumbai Attacks) और पठानकोट आतंकी हमलों (Pathankot Attack) की कड़ी निंदा की। उन्होंने सीमा पार आतंकवाद की निंदा करते हुए संबंधित देशों से आतंकवादियों के पनाहगाहों को खत्म करने को कहा। दरअसल, कुछ दिनों पहले ही चीन दौरे पर गए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने शी जिनपिंग के साथ मिलकर कश्मीर के मुद्दे को उठाया था। माना जा रहा है कि भारत ने इसी के जवाब में क्वाड में आतंकवाद के मुद्दे को शामिल कर पाकिस्तान को घेरने की कोशिश की है।
मुंबई और पठानकोट हमलों पर क्या बोला क्वाड
क्वाड विदेश मंत्रियों ने बैठक के दौरान सीमा पार आतंकवाद की निंदा की और देशों से आतंकवादियों के पनाहगाहों को खत्म करने, आतंकवादी नेटवर्क, आतंकी बुनियादी ढांचे और उन्हें बनाए रखने वाले वित्तीय माध्यमों को बाधित करने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया। संयुक्त बयान में कहा गया कि इस संदर्भ में, हम सभी देशों से यह सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं कि उनके नियंत्रण वाले क्षेत्र का उपयोग आतंकवादी हमलों के लिए नहीं किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के हमलों के अपराधियों को शीघ्रता से दंडित किया जाए। क्वाड देशों ने एक सुर में कहा कि हम भारत में हुए आतंकवादी हमलों की अपनी निंदा दोहराते हैं, जिनमें 26/11 मुंबई और पठानकोट हमला भी शामिल है।
