अब हार्दिक पंड्या की आसान नहीं टीम इंडिया में एंट्री
भारतीय टीम का वेस्टइंडीज (IND vs WI) के खिलाफ होम वनडे और टी-20 सीरीज के लिए ऐलान कर दिया गया। इन दोनों टीमों में कभी मैच विनर ऑलराउंडर रहे हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) को एक फिर शामिल नहीं गया। माना जा रहा है कि वह सिलेक्टर्स को अपनी फिटनेस का विश्वास दिलाने में असफल रहे हैं। उन्हें टीम इंडिया में अगर वापसी करनी है तो पहले कॉम्पिटिटिव टूर्नामेंट में बॉलिंग करनी होगी और खुद को साबित करना होगा।
देखा जाए तो हार्दिक की टीम में वापसी उतनी सीधी भी नहीं है, जितना कहने में लग रही है। दरअसल, हार्दिक पंड्या एक ओर जहां फिटनेस से जूझ रहे हैं वहीं अन्य कई खिलाड़ियों ने गेंद और बल्ले से बेहतर प्रदर्शन करते हुए तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर की पोजिशन के लिए दावा ठोका है। इनमें शार्दुल ठाकुर (Shardul Thakur) और दीपक चाहर (Deepak Chahar) का नाम सबसे आगे है। वेंकटेश अय्यर भी लाइन में लगे हुए हैं।
फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ दोनों टीमों में शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर को जगह मिली है। इन दोनों ने बल्ले से साउथ अफ्रीका में खुद को साबित किया था या यूं कह लें कि टीम इंडिया की इज्जत बचाई थी तो गलत नहीं होगा। वनडे सीरीज के पहले दो मैचों में शार्दुल ने नाबाद 50 और नाबाद 40 रन की पारियां खेली थीं, जबकि आखिरी वनडे खेलने वाले दीपक ने दो विकेट झटकने के अलावा 54 रन की पारी भी खेली थी।
