धार्मिक-जातीय विभाजन से भाजपा को सत्ता मिली
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर बड़ा राजनीतिक हमला किया है। भूपेश बघेल ने रायपुर में कहा, “भाजपा ने धार्मिक आधार पर बांटने का काम किया है। जिससे उसे सत्ता मिल रही है। उत्तर प्रदेश में पिछली बार भी यही किया था, इस समय भी यही कर रहे हैं। इसके अलावा उनके पास कोई फॉर्मूला नहीं है। इस विभाजन से उन्हें वोट मिल जा रहा है, सत्ता मिल गई, लेकिन हिंदुओं को सिवाय भय के क्या मिला?”
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “यदि भाजपा हिंदुओं की बात करती है तो हिंदुओं को मिला क्या है? केवल भय के। उनको डरा-डराकर वोट ले रहे हैं। आपको खतरा है, आपको खतरा है। लेकिन उन्हें मिला कुछ नहीं। मिला किसको – भाजपा को। छत्तीसगढ़ की जनता ने इन्हें नकार दिया है। जिस तरह साम्प्रदायिकता का जहर बोने की कोशिश की, धर्मांतरण का जहर बोने की कोशिश की। लेकिन नगरीय निकाय चुनाव में ये लोग पूरी तरह पराजित हुए। देश की जनता इनकी चालों को समझ चुकी है। जनता धीरे-धीरे सब समझती जा रही है।’
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं समझता हूं कि आज मुख्य मुद्दा महंगाई है, बेरोजगारी है, किसान हैं, नौजवान हैं, महिलाओं की सुरक्षा का मामला है। ये बहुत सारी बातें हैं जो आम जनता से जुड़ी हुई हैं।’ मुख्यमंत्री सोमवार को देहरादून जाने से पहले रायपुर हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री वहां उत्तराखंड कांग्रेस के चुनाव अभियान सांग और सोशल मीडिया अभियान लांच करने गए हैं। स्थानीय कांग्रेस नेताओं से मुलाकात और एक प्रेस वार्ता के बाद मुख्यमंत्री शाम तक रायपुर लौट आएंगे।
