शादी के लिए कैंप से भागा नक्सली जोड़ा
छत्तीसगढ़ में बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में एक नक्सली प्रेमी जोड़े की साथी कॉमरेडों ने ही हत्या कर दी। दोनों शादी के इरादे से कैंप से फरार हो गए थे। नक्सलियों ने जन अदालत लगाकर दोनों की मौत का फरमान जारी किया और फिर उनकी हत्या कर दी।
बस्तर के आईजी पी सुंदरराज ने बताया कि कमलू और मांगी गंगलूर एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य थे। बीजापुर के अलग-अलग थानों में कमलू के खिलाफ 11 और मांगी के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं। दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे और शादी करने की तैयारी में थे। इसी इरादे से दोनों कैंप से भाग निकले थे। उनके साथियों ने ढूंढकर उनकी हत्या कर दी।
हत्या से पहले इंडीनार गांव में जन अदालत लगाई गई। इसमें दोनों की मौत का फरमान सुनाया गया। आईजी ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों की हत्या छह जनवरी को की गई। स्थानीय लोगों ने एक अन्य व्यक्ति की हत्या की पुष्टि की है, लेकिन उसकी पहचान के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है।
पुलिस के मुताबिक पिछले दो वर्षों में नक्सलियों को बार-बार झटके लगे हैं जिससे उनमें निराशा का माहौल है। वे केवल संदेह के आधार पर अपने ही साथियों तक की हत्याएं कर रहे हैं। पश्चिमी बस्तर संभाग में इस तरह की घटनाएं ज्यादा हो रही हैं।