हेलिकॉप्टर लेकर उड़ा तालिबानी, पलक झपकते ही हुआ क्रैश
काबुल
अमेरिका के अरबों डॉलर के हेलिकॉप्टर पर कब्जा करके बैठे तालिबानी आतंकी इन हथियारों का मोल नहीं समझ रहे हैं और अनाड़ियों की तरह से इन्हें उड़ा रहे हैं। कंधार शहर में एक अनाड़ी तालिबानी पायलट ने इस तरह से अमेरिकी हेलिकॉप्टर को हवा में उड़ाया कि वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यही नहीं तालिबानी पायलट की इस खतरनाक उड़ान को देखकर वहां आसपास खड़े लोगों के जान पर भी संकट बन आया।
बताया जा रहा है कि तालिबान ने कंधार में बाढ़ राहत के लिए सोमवार को कई हेलिकॉप्टर भेजे थे। इसी दौरान यह हेलिकॉप्टर पायलट की लापरवाही से मात्र 40 सेकंड में ही क्रैश कर गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में अनाड़ी पायलट घायल हो गया है। तालिबानी पायलट की यह बेवकूफी अब सोशल मीडिया में जमकर शेयर की जा रही है और लोग मजे ले रहे हैं। उन्होंने तालिबान को सलाह दी है कि हवा में हेलिकॉप्टर उड़ाने के लिए शिक्षा, कौशल और अनुभव की जरूरत होती है।
‘हेलिकॉप्टर उड़ाना, गधे को दौड़ाना नहीं’
खुद को कर्नल रहमान रहमानी बताने वाले यूजर ने लिखा कि इस तरह की मूर्खता तालिबानियों की जान ले लेगी। उन्होंने कहा कि हेलिकॉप्टर उड़ाना, गधे को चलाना नहीं है। देश पर कब्जा करने के बाद तालिबान के हाथ कई हेलिकॉप्टर लगे हैं। इनमें से कई भारत से भी मिले हेलिकॉप्टर भी शामिल हैं। तालिबानी अक्सर अपने आतंकियों की फौज के साथ इन हेलिकॉप्टरों का प्रदर्शन करते हैं।
