Google Analytics Meta Pixel
छत्तीसगढ़फीचर्ड

सीएम भूपेश बघेल ने सोनिया और प्रियंका गांधी से दिल्ली में की मुलाकात

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और कुछ अन्य मुद्दों को लेकर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, बघेल ने सुबह के समय प्रियंका गांधी से मुलाकात की और फिर शाम के समय सोनिया गांधी से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री के करीबी एक सूत्र ने इस मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर कहा, “दिवाली की शुभकामना देने के लिए यह शिष्टाचार मुलाकात भर थी। यह जरूर है कि जब मुलाकातें होती हैं तो फिर राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा जरूर होती है।”

प्रियंका गांधी से मुलाकात में यूपी चुनाव को लेकर चर्चा हुई
कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेताओं, खासकर प्रियंका गांधी के साथ बघेल की मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। इसके अलावा संगठन और छत्तीसगढ़ सरकार के विकास कार्यों से संबंधित मुद्दों पर भी बातचीत हुई।

यूपी चुनाव के लिए सक्रिय हैं भूपेश बघेल
बघेल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं और वह इन दिनों प्रदेश की कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी के साथ राज्य में चुनाव संबंधी गतिविधियों में निरंतर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *